अलवर में नगर परिषद की ओर से भटियारा की गली में पॉलीथिन गोदाम पर कार्रवाई करते हुए करीब 3000 किलो पॉलीथिन जब्त की गई है। चार दिन पहले मामले में गोदाम संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था।
दरअसल, पॉलीथिन पर रोक के बावजूद धड़ल्ले से इनके इस्तेमाल की शिकायत अलवर नगर परिषद को मिल रही थी। इस पर कार्रवाई करते हुए नगर परिषद टीम भटियारा की गली में पहुंची। एडीएम सिटी महेंद्र मीणा के नेतृत्व में टीम ने चार दिन पहले सील किए गए दो गोदामों को खुलवाया। इन गोदामों को नगर परिषद अभियंता लोकेंद्र मीणा द्वारा गोदाम संचालक के नहीं मिलने पर सील कर दिया गया था। गोदाम संचालकों के नाम नोटिस जारी कर 4 दिन में जवाब देने की बात कही गई थी। इस पर एक गोदाम संचालक ने खुद आकर मौके पर टीम को गोदाम का मुआयना करवाया, वहीं दूसरे गोदाम संचालक के नहीं आने पर गोदाम का ताला तोड़कर बड़ी संख्या में पॉलिथीन जब्त की गई। लक्ष्मी ब्रांड और अनीता ब्रांड गोदाम से करीब 30 क्विंटल पॉलीथिन बैग मिले।