अभिनेता सलमान खान की 'टाइगर जिंदा है' रिलीज होने के साथ ही विरोध भी तेज हो गया है। सिनेमा हॉल में तोड़-फोड़ के साथ पोस्टर-बैनर फाड़ डाले। सलमान खान का पुतला फूंका। सलमान खान पर जातिगत शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है। प्रदर्शनकारियों ने शॉ रद्द करने की मांग की है।
वाल्मिकी समाज ने आज जयपुर के प्रख्यात सिनेमा हाल राजमंदिर, अंकुर, पारस सहित कई जगह प्रदर्शन किया और अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने जयपुर के अंकुर सिनेमा घर में तोड़-फोड़ की और राजमंदिर सहित विभिन्न सिनेमाघर पहुंचकर पोस्टर-बैनर फाड़ डाले। प्रदर्शनकारियों ने सलमान खान पर कार्रवाई करने की मांग की। सलमान खान हाय-हाय के नारे भी लगाए गए। इधर, कोटा के आकाश मॉल में भी प्रदर्शनकारियों ने तोड़-फोड़ की है, वहीं बीकानेर से भी वहां के सिनेमा घरों में तोड़-फोड़ करने की सूचना है।
आरोप है कि सलमान खान ने फिल्म के प्रमोशन के दौरान वाल्मिकी समाज के लिए जातिगत और आपत्तिजनक शब्द का प्रयोग किया था। इसके बाद समाज के लोग राजमंदिर सिनेमा हॉल के बाहर जमा हो गए और प्रदर्शन के दौरान फिल्म के पोस्टर और बैनर तक फाड़ डाले। प्रदर्शनकारियों ने शहर के पुराने इलाके में वाहन रैली भी निकाली।