राजस्थान के कोटा से बूंदी की ओर जा रही झालावाड़ डिपो की बस ने नेशनल हाइवे-52 पर रामगंज बालाजी तिराहे के पास एक बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसा इतना दर्दनाक था कि दंपती की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पति-पत्नी को बाइक सहित बस करीब 50 मीटर तक घसीटती हुए ले गई। जिसके कारण दोनों मृतकों के शव क्षत-विक्षत हो गए। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोगों ने बस के डीजल टैंक को खोलकर आग लगाने की कोशिश की। इससे पहले ही सदर थाना पुलिस थानाधिकारी अभिषेक पारीक के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। थानाधिकारी पारीक ने बताया कि सांवलपुरा निवासी निरंजन सिंह (60) व उनकी पत्नी बलवीर कौर (55) बाइक से बूंदी आ रहे थे।
रामगंज बालाजी तिराहे के यहां कोटा की ओर से आई झालावाड़ डिपो की बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिसके चलते निरंजन और बलवीर बाइक सहित बस के अगले हिस्से में फंस गए और करीब 50 मीटर तक घिसटते हुए चले गए। बाद में बस चालक ने ब्रेक लगाए और बस से उतरकर फरार हो गया। हादसे में दंपती की मौके पर ही मौत हो गई।