कांग्रेस नेता ज्योति खंडेलवाल ने कहा पार्टी को सात दिनों के लिए अपने कार्यक्रमों को रद्द कर देना चाहिए ताकि हेलीकॉप्टर दुर्घटना में शहीद हुए जनरल बिपिन सहित अन्य सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जा सके।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत की असामयिक मृत्यु और कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को देखते हुए जयपुर के पूर्व महापौर और कांग्रेस नेता ज्योति खंडेलवाल ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी से महंगाई पर रैली को स्थगित करने का आग्रह किया।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि नए वैरिएंट के मामले बढ़ रहे हैं, लोगों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए और महंगाई के खिलाफ अभियान सोशल मीडिया पर चलाया जाना चाहिए। साथ ही कहा कि पार्टी को सात दिनों के लिए अपने कार्यक्रमों को रद्द कर देना चाहिए ताकि हेलीकॉप्टर दुर्घटना में शहीद हुए जनरल बिपिन सहित अन्य सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जा सके।
वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेता अजय माकन ने रैली में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं के लिए जरुरी शर्तों से संबंधित एक ट्वीट किया है। जिसमें कार्यकर्ताओं को निर्देशित है कि वैक्सीन की दोनों डोज लगी हों अथवा, 72 घंटे पहले तक की नेगेटिव आरटीपीसीआर रिपोर्ट साथ होना अनिवार्य है।
विज्ञापन
इस बीच यहां पार्टी मुख्यालय में महंगाई पर रैली को लेकर बैठक हुई। यहां कांग्रेस नेता अजय माकन जो एआईसीसी में पार्टी मामलों के प्रभारी हैं और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने रैली को सफल बनाने के निर्देश दिए।