राजस्थान में लोकसभा की दो और विधानसभा की एक सीट के लिए आज मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। इस दौरान मतदाताओं का उत्साह भी अच्छा खासा नजर आया। मतगणना एक फरवरी को होगी।
उपचुनाव के तहत आज राजस्थान में अलवर और अजमेर लोकसभा सीट तथा मांडलगढ़ विधानसभा सीट के लिए आज मतदान हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लोकसभा क्षेत्र अलवर में 63 तथा अजमेर में 65 और विधानसभा क्षेत्र मांडलगढ़ में 77 फीसदी मतदान हुआ। आधिकारिक आंकड़े अभी आने बाकी है।
राजस्थान में दिसम्बर में होने जा रहे विधाानसभा चुनाव से पहले इसे भाजपा और कांग्रेस के बीच सेमीफाइनल मुकाबला माना जा रहा है, क्योकि इस उपचुनाव से राजस्थान में विधानसभा की 200 में से 17 सीटें प्रभावित हो रही है। अजमेर एवं अलवर लोकसभा पर सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी पार्टी में सीधी टक्कर है। मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस के बागी के उतरने से वहां त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति बन गई है। तीनों सीटों पर 42 प्रत्याशी मैदान में थे। सबसे अधिक अजमेर में 23, अलवर में 11 और मांडलगढ़ में 8 प्रत्याशियों ने किस्मत आजमाई है।
मतदान को लेकर तीनों ही जगह मतदाताओं में काफी उत्साह नजर आया। अजमेर के मतदान केंद्र पर एक दूल्हा बरातियों के साथ पहुंचा और मतदान किया। दूल्हा मतदान कर रहा था तब बाराती बाहर बैंड पर डांस कर रहे थें। दूल्हे का नाम अविनाश बंजारा बताया जा रहा है।