राजस्थान की राजधानी जयपुर में बृहस्पतिवार से प्लास्टिक कैरी बैग उपयोग पर बैन प्रभावी हो गया है। जयपुर नगर निगम के मेयर अशोक लाहोटी के अनुसार कैरी बैग खरीदने—बेचने या उपयोग करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मेयर के अनुसार बैन का उल्लंघन करने वालों पर एक लाख तक का जुर्माना या पांच वर्ष की सजा का प्रावधान है। गौरतलब है कि पिछले माह जारी स्वच्छ शहरों की सूची में जयपुर शुरुआती 200 में भी सम्मलित नहीं था। जिसके बाद जयपुर में स्वच्छता को लेकर राज्य सरकार की काफी किरकिरी हुई थी। हालांकि अभी जयपुर में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई दिखती है। जयपुर में कैरीबैग उपयोग पर बैन को लेकर बुधवार को मेयर अशोक लाहोटी ने व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। जिसमें व्यापारियों ने व्यवहारिक समस्या से मेयर को अवगत कराया।