आचार्य प्रमोद कृष्णम और सीएम गहलोत
- फोटो : Social Media
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की जीत के बाद एक बार फिर राजस्थान में सियासत गरमा गई है। पायलट समर्थक आचार्य प्रमोद कृष्णम ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को निशाने पर लिया है। आचार्य प्रमोद कृष्णम की एक ट्वीट से सियासी गलियारों में हलचल मच गई है।
प्रमोद कृष्णम ने ट्वीट किया कि 'युवा नेता सचिन पायलट हिमाचल के ऑब्जर्बर थे और हमारे अनुभवी नेता अशोक गहलोत गुजरात के, आगे मुझे कुछ नहीं कहना।' बता दें कि सचिन पायलट को हिमाचल का स्टार प्रचारक बनाया गया था। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस जीत गई है। गहलोत को गुजरात की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। गुजरात में कांग्रेस हार गई। ऐसे में आचार्य प्रमोद ने इशारों-इशारों में सीएम गहलोत के फेल्योर को सामने रखा है और सचिन पायलट को हिमाचल की जीत का श्रेय दिया है। इससे पहले भी प्रमोद कृष्णम कई बार सचिन पायलट को राजस्थान का सीएम बनाने की मांग कर चुके हैं।
गुजरात में हार पर क्या बोले गहलोत
दूसरी ओर गुजरात चुनावों में हार की जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश प्रभारी रघु शर्मा ने इस्तीफा सौंप दिया है। वहीं गुजरात में हार पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा भले ही गुजरात में चुनाव जीत गई हो लेकिन वहां भारी सरकार विरोधी रुझान देखा गया, जिसका मतलब है कि कांग्रेस कहीं जिंदा है। हमें खुशी है कि सिद्धांतों और विचारधारा की लड़ाई कांग्रेस जीत गई है।
पूर्व प्रदेश सचिव का गहलोत पर हमला
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव सुशील आसोपा ने भी पायलट का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट ने हिमाचल में बहुत मेहनत की। राजस्थान से जिन नेताओं को गुजरात में जिम्मेदारी दी थी, वह जनता का नब्ज तक नहीं टटोल पाए।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अशोक गहलोत और पायलट की लड़ाई का असर गुजरात चुनाव में भी पड़ा होगा। जब गुजरात में पूरे जी जान से प्रचार करने की जरूरत थी, तब गहलोत राजस्थान के सियासी घमासान में उलझे रहे।
वहीं विपक्ष ने भी गहलोत और पायलट की लड़ाई पर हमला करना शुरू कर दिया है। राजस्थान सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि जिस अशोक गहलोत ने भी अपने ही प्रदेश अध्यक्ष को नकारा निकम्मा और बेकार कहा हो, वो किसका होगा ? वो प्रदेश की जनता का क्या होगा। प्रदेश की जनता राजस्थान मॉडल को अच्छी तरह देख चुकी है और समझ चुकी है। अगली बार राजस्थान में भाजपा की सरकार बनेगी।