सवाईमाधोपुर में रणथम्भौर नेशनल पार्क के नजदीक स्थित एक गांव में सोमवार सुबह एक पैंथर के हमले की घटना सामने आई।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मुकंदपुरा क्षेत्र में पैंथर ने 70 वर्षीय रामधन पर हमला कर दिया और उसे काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। ग्रामीणों ने बताया कि घटना उस दौरान हुई जब रामधन अपने परिचित के साथ घर से कुछ ही दूर पहुंचा था। तभी उस पर पैंथर ने हमला कर दिया।
हो—हल्ला सुनकर आसपास से ग्रामीण एकत्र हुए तो पैंथर रामधन को छोड़कर जंगल की ओेर भाग गया। इसके बाद घायल रामधन को पास ही के अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं मौके पर पहुंचे वन अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल पर मिले पगमार्क से स्पष्ट है कि हमला पैंथर ने ही किया था।
गौरतलब है कि आबादी क्षेत्रों में पैंथरों के घुसपैठ की घटनाओं में दिनोंदिन ईजाफा होता जा रहा है। इसी वर्ष मार्च माह में अलवर के सरिस्का वन क्षेत्र से लगते एक गांव में आदमखोर पैंथर के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पैंथर को जला कर मार दिया था। वहीं जयपुर के जे एल एन मार्ग स्थित स्मृति वन में भी पैंथर ने कई दिनों तक डेरा जमाए रखा था।