करणी सेना के संरक्षक लोकेंद्र सिंह कालवी ने दावा किया है कि विवादित फिल्म 'पद्मावत' के खिलाफ उनके साथ सभी समाजों के लोग खड़े हैं और इस कारण ये फिल्म रिलीज नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कारण उन्हें फिल्म की रिलीज डेट से कोई मतलब नहीं है। रानी पद्मावती केवल राजपूतों की नहीं पूरे देश और सभी समाजों की शान है।
कालवी ने कहा है कि फिल्म चाहे 25 को रिलीज हो या कभी भी, रानी पद्मवती की गरिमा से छेड़छाड़ करनेवालों के खिलाफ जब वे आवाज उठाएंगे, तो सभी समाज के लोग फिल्म का पुरजोर विरोध करने आ जाएंगे। कालवी ने कहा कि पहले जब दिसम्बर में फिल्म रिलीज करना तय हो गया था, तब इस फिल्म के खिलाफ उन्हें बिहार, हरियाणा, यूपी ही नहीं दक्षिण भारत तक से जनसमर्थन मिला था।
गौरतलब है कि विवादित फिल्म पद्मावत की रिलीज डेट 25 जनवरी घोषित हुई है। लेकिन करणी सेना ने फिल्म को पूरी तरह से बैन कराने के लिए आज से ही नया बिगुल बजा दिया है।