हादसे में चम्तकारपूर्वक बचा 1 साल का मासूम
- फोटो : Amar Ujala
मौत बनकर आए अज्ञात वाहन ने एक ही परिवार के तीन लोगों की जिंदगी छीन ली, जबकि 1 साल का मासूम चमत्कारिक रूप से बच गया।
राजस्थान के बूंदी जिले में हिंडौली थानाक्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे में शादी समारोह से लौट रहे एक ही परिवार के तीन लोग अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए और मां से लिपटा मासूम गोद से छिटककर दूर जा गिरा। हादसे में मासूम के मां-बाप हमेशा के लिए उससे बिछड़ गए। साथ ही एक अन्य रिश्तेदार की मौत हो गई। वहीं बच्चे को मामूली खरोंचे आई हैं। ये सभी मोटरसाइकिल पर सवार थे।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया वहीं मृतकों के रिश्तेदारों रो-रो कर पूछ रहे है कि अब जिंदगीभर इस मासूम का ख्याल कौन रखेगा। सालभर का ये मासूम रिश्तेदारों को रोता देख सुबक रहा है, लेकिन उसे आभास ही नहीं हैं कि अब उसके मां-बाप से वह कभी नहीं मिल पाएगा।