हम दोनों साथ-साथ जी तो नहीं सके, लेकिन अब साथ-साथ मर रहे हैं। हमारे घरवालों को कह देना कि हमारा अंतिम संस्कार साथ-साथ ही करना। ये लिखा है एक प्रेमी जोड़े ने अपने सुसाइड नोट में।
पूरा मामला राजस्थान के बांसवाड़ा स्थित परतापुर कस्बे से जुड़ा है। यहां पास ही स्थित भगोरा मोड़ पर एक चरवाहा अपने मवेशियों को चरा रहा था। तभी उसकी नजर पेड़ पर लटकते दो शवों पर पड़ी। उसने इसकी सूचना तुंरत ही आसपास के लोगों को दी। फिर क्या था मौके पर भीड़ जमा हो गई और हर कोई अपनी तरह से कई तरह की चर्चाएं करने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाया और उनके पास मिले सुसाइड नोट में लिखे पते पर घरवालों को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि ये दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और पिछले सात दिन से घर से गायब चल रहे थे। मृतक का नाम किशन (25) और मीना कुमारी (21) है।