कैटरिंग कंपनी में काम करने वाले 17 वर्षीय किशोर को उसके साथियों ने छोटी सी बात पर इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। घटना बुधवार रात की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मामले की जांच की जा रही है।
जयपुर के पुलिस आयुक्त आनंद श्रीवास्तव ने बताया, मारा गया किशोर बासित जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा का रहने वाला था। बुधवार रात को वह आरोपी आदित्य (24) के साथ एक शादी समारोह से लौट रहा था। दोनों एक पिक अप वैन में सवार थे। इस दौरान वैन की खिड़की बंद करने को लेकर बासित और आदित्य में हाथापाई होने लगी।
इस दौरान वहां मौजूद बाकी लोगों ने बीच बचाव कराया। घर पहुंचने पर बासित को उल्टी होने लगी और उसके दोस्त ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवारवालों को सौंप दिया गया है।