जयपुर की ट्रैफिक पुलिस द्वारा जसप्रीत बुमराह की नो बॉल को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए एक विज्ञापन बनाया गया था। जिस पर शुक्रवार को बुमराह ने ट्विट करके नाराजगी जाहिर की है।
दरअसल, यातायात पुलिस ने ट्रैफिक नियमों को लेकर एक विज्ञापन जारी किया है, जिसके बैनर सड़कों से लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें बताया गया है कि आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल मैच में भारत-पाक मुकाबले में जसप्रीत बुमराह बॉलिंग लाइन को क्रॉस कर जाते हैं। लेकिन वाहन चालक एेसी गलती नहीं करें।
सभी जानते हैं कि बुमराह की गलती के कारण उन्हें पाकिस्तानी क्रिकेटर का विकेट नहीं मिल पाया। जिसका खमियाजा भारत की टीम को भुगतना पड़ा। शुक्रवार को जैसे ही यह विज्ञापन बुमराह तक पहुंचा, उन्होंने इस पर ट्विट कर नाराजगी जाहिर की है।
उन्होंने अपने ट्विट में लिखा है कि जयपुर ट्रैफिक पुलिस बहुत अच्छा, आपका यह विज्ञापन यह दर्शाता है कि आप देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने वाले व्यक्ति का कितना सम्मान करते हैं। अपने दूसरे ट्विट में उन्होंने लिखा कि फिर भी कोई बात नहीं, मैं अपनी इस गलती का मजाक नहीं बनने दूंगा। क्योंकि मुझे विश्वास है कि इंसान अपनी गलतियों से ही सीखता है।