नई की नई पिकअप गाड़ी में भरकर ले जाई जा रही थी शराब
- फोटो : amar ujala
आबकारी विभाग ने नई पिकअप गाड़ी को पकड़कर उसमें रखी हरियाणा निर्मित महंगी अवैध शराब जप्त की। कार्रवाई में खास बात यह देखी गई कि पिकअप की डिग्गी के साइड में अवैध शराब की तस्करी के लिए अलग से बाॅक्स बनाया गया था।
आबकारी विभाग ग्रामीण क्षेत्र के थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया कि सोमवार को नाकाबंदी करके वाहनों की तलाशी की जा रही थी।अजमेर के गेगल टोल टैक्स के पास सफेद रंग की नई पिकअप को रुकवाया और उसमें मौजूद दो लोगों से पूछताछ की तो वह घबरा गए। पिकअप की पूरी तलाशी कर ली गई, लेकिन कुछ मिला नहीं। बाद में जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने डिग्गी के साइड में बने बाॅक्स में रखी शराब के बारे में जानकारी दी।
गाड़ी से निकालकर देखा तो उसमें महंगी शराब की 30 पेटियां मिली जिसकी कीमत लाखों में है। चौधरी ने बताया कि पकड़े गए लोगों में राजसमंद निवासी वाहन मालिक भरत और बांसवाड़ा निवासी विपुल शामिल है। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों से मुख्य शराब तस्कर के बारे में पूछताछ की जा रही है।