कोटा में विद्युत तंत्र निजी हाथों में सौंपे जाने के बाद से कंपनी की लापरवाही लगातार सामने आ रही है। शहर के प्रेम नगर तृतीय इलाके में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब हाई वोल्टेज के कारण दो मकानों में बिजली के तार ने आग पकड़ ली। इस घटना में एक 12 वर्षीय बालक दीपक भी झुलस गया जो छत पर खेल रहा था।
मौके पर मौजूद लोगो ने उसको संभाला और उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर भागे। स्थानीय निवासियों के अनुसार सुबह से ही इलाके में बिजली गुल थी। कुछ देर पहले जब विद्युत सप्लाई सुचारू हुई तो कालूलाल और उनके पड़ोस में रहने वाले संजय के घर में अचानक बिजली के मीटर में आग लग गई। इससे धीरे-धीरे पूरे घर की वायरिंग में आग लगी और बिजली के उपकरण फुंक गए। इसके बाद लोग बिजली कर्मचारियों को फोन करते रहे, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। इसके बाद रेत डालकर वाशिंदों ने आग को बुझाया।