जवाहर कला केंद्र में कल से 30 जुलाई तक पांच दिवसीय फिल्म एप्रिसिएशन कोर्स का आयोजन किया जाएगा। यह कोर्स पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया तथा नेशनल फिल्म आर्काइव ऑफ इंडिया (एनएफएआई) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
इस कोर्स में निट्रिक फिल्म्स के ऑनर, डॉ. शुभमोय सेन गुप्ता एवं फिल्म निर्माता, बेला नेगी इस कोर्स के प्रशिक्षक होंगे। कोर्स के पाठ्यक्रम में फिल्मों को देखने एवं एप्रिसिएशन के साथ-साथ सिनेमाई अनुभव को व्यापक बनाने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इसमें 125 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। इसमें ना सिर्फ राजस्थान से बल्कि दिल्ली, वड़ोदरा, दार्जलिंग, मुम्बई, कानपुर, आगरा, शिवपुरी, सोनीपत, पुणे तथा अबोहर सहित देश के विभिन्न शहरों के प्रतिभागी भी शामिल होंगे।
जेकेके की महानिदेशक पूजा सूद ने कहा कि फिल्मों ने दुनियाभर में समावेशी एवं मानवीय समाज के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सूद ने आगे कहा कि भारतीय उपमहाद्वीप में फिल्मों ने ना सिर्फ स्वतंत्रता आंदोलन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, बल्कि स्वतंत्र भारत में इनका महत्व बेहद प्रासंगिक है।