राजस्थान क्रिकेट संघ में ललित मोदी युग का अंत करने वाले कांग्रेस के दिग्गज नेता डॉ सीपी जोशी सोमवार को कार्यभार संभालेंगे। आरसीए के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ जोशी ने ललित मोदी के बेटे रुचिर मोदी को आरसीए चुनाव में पटखनी दी है। आरसीए का चुनाव जीतने के बाद सोमवार को डॉ जोशी पहली बार जयपुर आ रही है।
आरसीए से मिली जानकारी के अनुसार डॉ जोशी का एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ता व अन्य लोग स्वागत करेंगे। इसके बाद जोशी एक रैली के तौर पर सांगानेर एयरपोर्ट से आरसीए कार्यालय तक पहुंचेंगे। इसके बाद डॉ सीपी जोशी आरसीए में अध्यक्ष पद का कार्याभार संभालेंगे। गौरतलब है कि आरसीए के छह पदों के लिए हुए चुनाव में चार पदों पर जोशी गुट ने कब्जा किया है।
जबकि दो पद पर मोदी गुट का कब्जा है। सोमवार को डॉ जोशी के साथ आरसीए के उपाध्यक्ष चुने गए मोहम्मद इकबाल, संयुक्त सचिव महेन्द्र नाहर व कार्यकारी सदस्य कृष्ण कुमार निमावत भी कार्यभार संभालेंगे।
गौरतलब है मोदी गुट के माने जाने वाले और आरसीए के नए कोषाध्यक्ष पिंकेश जैन व सचिव आर एस नांदू शनिवार को ही कार्यभार संभाल चुके है।