राजस्थान में सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम कितने चाक चौबंद हैं, इसकी बानगी बुधवार देर रात चुरु जिले में देखने को मिली। जिले में एक बारात में दलित दूल्हे और बारातियों से मारपीट की गई। अचानक हुए इस हमले से एक बारगी बारातियों में अफरा तफरी मच गई। दलित दूल्हे की बारात पर हुए इस हमले में जैसे तैसे दुल्हे को बचाकर विवाह स्थल के लिए रवाना किया गया। मारपीट में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
चुरु के सांडवा तहसील के गुंडूसर गांव में बुधवार शाम को एक दलित दुल्हे की बारात निकल रही थी। बारात में आगे छोटी गाड़ी में डीजे बजाया जा रहा था। डीजे की तेज आवाज में बाराती नाच गा रहे थे। इस तरह बारात निकालना गांव के दबंग लोगों को पसंद नहीं आया। उन्होंने बारातियों व दूल्हे के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। एकदम से हुए इस हमले से हड़कम्प मच गया। हमले में दस के आसपास लोगों को चोटें आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंची पुलिस ने दुल्हे को वहां से शादी के लिए रवाना किया। इस मारपीट में घायल हुए लोगों में जितेंद्र कुमार, सुनील, नवरत्न, सुनील कुमार, मनोज, हरिराम, गीता, सौगल्या, सरोज का नाम शामिल हैं।
इनमें से तीन लोग जितेंद्र, मनोज और नवरत्न को गंभीर रूप से घायल बताकर सुजानगढ़ रैफर किया गया। घटना के बाद एसडीएम संजू पारीक और तहसीलदार ओम प्रकाश वर्मा ने मौका मुआयना किया। दूसरी तरफ बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार के साथ पहली बार यह घटना नहीं हुई है इससे पहले भी गांव के दबंग लोग पीड़ित परिवार से मारपीट को अंजाम दे चुके हैं।