जीवनभर साथ निभाने का वचन देने वाला पति ही जब पत्नी का हत्यारा बन जाए तो आखिर पत्नी क्या करे? आज सुबह एक ऐसी ही घटना ने लोगों को दहला दिया।
मामला करौली जिले के सपोटरा से जुड़ा हुआ है जहां गुस्से में आकर पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, यहां डाबरा के बड़ की ढाणी में सुबह धर्मसिंह की उसकी पत्नी मनीषा से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों में विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर धर्मसिंह ने मनीषा पर फावड़े से वार कर दिया। इसके बाद लहूलुहान अवस्था में पत्नी को छोड़कर भाग गया। आसपास के लोग जब मौके पर पहुंचे तब तक काफी देर हो चुकी थी। मनीषा की मौत की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने आरोपित पति धर्मवीर को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।