बेकाबू रफ्तार फिर दो लोगों की जान पर भारी पड़ गई है। पुष्कर में बीती रात तेज गति से चल रहे ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी। इससे कार में सवार दो लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
दरअसल, पुष्कर बाईपास पर कल देर रात बेकाबू ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी। इससे एक युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवती का गंभीर रूप से इलाज चल रहा है। सभी युवक-युवती जयपुर के रहने वाले थे। क्रिश्चयनगंज थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जयपुर के युवक-युवती पुष्कर घूमने आए थे।
पुष्कर से लौटते समय माकडवाली रोड़ के पास तेज गति में आ रहे ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी। इससे कार में सवार अमित और अनुकृति की मौत हो गई जबकि तेजस्वी और ज्योत्सना गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल के लिए रैफर कर दिया है। पुलिस ने ट्रेलर जप्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है।