जयपुर के प्रताप नगर थाने में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार रात को थाने में पहुंची एक युवती वहां मौजूद सब इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह को दो जहरीले लडडू खिलाकर चली गई। विषाक्त लडडू खाने से सब इंस्पेक्टर की तबियत बिगड़ गई।
तब थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने एसआई गजेंद्र सिंह को नारायणा हृदयालय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उनकी हालत खतरे से बाहर है। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर डीसीपी पूर्व कुंवर राष्ट्रदीप ने थानेदार से मुलाकात की। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवती की तलाश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार सब इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह मंगलवार रात को प्रताप नगर थाने में ड्यूटी पर तैनात थे। तभी एक युवती वहां पहुंची। उसने बातचीत करते हुए बालाजी के मंदिर का प्रसाद बताते हुए थानेदार गजेंद्र सिंह को दो लडडू दे दिए। इसे खाने के कुछ देर में ही गजेंद्र सिंह को उल्टियां होने लगी। तब मौका पाकर युवती वहां से चली गई।
एसआई गजेंद्र सिंह ने साथी पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी देते हुए युवती पर विषाक्त लडडू खिलाने का आरोप लगाया। बताया जा रहा है कि इस युवती का थाने में काफी आना जाना था। वह गजेंद्र सिंह से भी परिचित थी। अब पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।