पोस्टमैन को रजिस्टर्ड डाक की रिसिप्ट मांगना भारी पड़ गया। एक कार शोरूम के संचालक व वहां के स्टाफ ने पोस्टमैन के साथ मारपीट कर डाली और उसकी डाक भी फाड़ दी।
मामला अजमेर का है जहां पीड़ित पोस्टमैन ने अपने साथ हुई इस घटना की कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी है। भारतीय डाक विभाग के पोस्टमैन यशवंत सिंह ने बताया कि वह जिला परिषद के पास स्थित राज निसान कार शोरूम में डाक देने गया था। यहां पर डाक की रिसिप्ट देने के लिए जब फर्म की सील लगाने व हस्ताक्षर करने की बात कही तो वहां के स्टाफ ने बदतमीजी शुरू कर दी। इसका विरोध किया तो संचालक सहित अन्य ने उसके साथ मारपीट कर डाली। उसकी डाक भी उन्होंने छीनकर फाड़ दी।
डाकियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
रोष जताते अन्य डाकिए
- फोटो : Amar Ujala
यशवंत सिंह ने कहा कि जैसे तैसे उसने वहां से भागकर अपनी जान बचाई और अपने अधिकारियों को घटना से अवगत करवाया। अधिकारियों के निर्देश पर वह अन्य साथियों के साथ कोतवाली थाने पहुंचा जहां शोरूम संचालक व कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने यशवंत सिंह की रिपोर्ट पर उसका मेडिकल मुआयना करवाया और शोरूम के फुटेज भी देखे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं घटना से डाक विभाग के कर्मचारियों में गहरा रोष व्याप्त है। विभाग के दयामोहन गर्ग ने कहा कि शोरूम संचालक ने राजकार्य में बाधा उत्पन्न की है और केन्द्रीय कर्मचारी के साथ मारपीट की है। यदि पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई नहीं करती है तो वह उग्र आंदोलन पर मजबूर हो जाएंगे।