सीसीटीवी में संदिग्ध महिला और एक युवती
- फोटो : Amar Ujala
ज्वैलरी शोरुम में खरीदारी के बहाने छह लाख रुपए के गहने चुराकर भागने की वारदात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध महिला और एक युवती ज्वैलरी चुराते हुए नजर आ रही है।
यह मामला है राजस्थान के कोटा जिले का। जहां के स्वर्ण रजत मार्केट में यह वारदात हुई। कोतवाली पुलिस अब संदिग्ध महिलाओं की सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार धरतेरस पर स्वर्ण रजत मार्केट में दो तीन महिलाएं एक ज्वैलरी शोरुम में पहुंची। जहां सोने की बालिया दिखाने के बहाने दुकान में रखे जेवर के डिब्बे को पार कर लिया।
इस डिब्बे में ढाई सौ ग्राम वजन के सोने के पैंडल, अंगूठी सहित अन्य आभूषण थे। आरोपी महिलाओं के जाने के बाद शोरुम संचालक ने ज्वैलरी संभाली तब गहनों का डिब्बा गायब मिला। तब ज्वैलर ने वहां लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तब उसमें एक महिला और युवती ज्वैलरी चुराते हुए नजर आई। इसके बाद ज्वैलर ने कोतवाली थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज करवाया। बताया जा रहा है कि महिलाओं के इसी गिरोह ने बूंदी में भी वारदात को अंजाम दिया है।