कोटा के सर्राफा बाजार में 8 लाख की ज्वैलरी ठगी का मामला सामने आया है। यहां ठगी करने वाला कोई अपराधी नहीं बल्कि ज्वैलर ही है। यह ठग ज्वैलर दूसरे ज्वैलर्स के यहां से अपने ग्राहकों को ज्वैलरी दिखाने के बहाने लाखों की ज्वैलरी ले गया।
वारदात शनिवार को मकबरा और रामपुरा कोतवाली के दो अलग-अलग क्षेत्रों में हुई। पहला मामला रामपुरा कोतवाली इलाके के न्यू सर्राफा मार्केट का है, जहां वैष्णवी ज्वैलर्स से ठग सवा 3 लाख रुपए कीमत की सोने की चेन ले गया। वहीं दूसरा मामला, शहर के मकबरा सर्राफा बाजार का है जहां पिंकू सोनी के यहां से ठग 5 लाख रुपए की कीमत की ज्वैलरी ले गया। ठग पर ज्वैलरी व्यवसायियों को भरोसा था कि वह अपने ग्राहक को ज्वैलरी दिखाकर वापस आएगा। दो दिन बाद भी नहीं लौटा तो व्यवसायी नरेन्द्र वैष्णव और पिंकू सोनी ने ठग सचिन सोनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करवाया। अब पुलिस उस दिन की सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपित ज्वैलर की तलाश में जुट गई है।