प्रदेश के समीपवर्ती राज्यों से होने वाली अवैध शराब तस्करी का मुख्य रूट राजस्थान बनता जा रहा है। इनमें ज्यादातर हरियाणा व पंजाब से आने वाली अवैध शराब की तस्करी राजस्थान से होकर गुजरात की तरफ होती है। ऐसे में राजस्थान पुलिस भी इन माफियाओं पर शिकंजा कसने में कामयाब हो रही है। प्रदेश के जयपुर, अलवर, जयपुर ग्रामीण, बीकानेर, उदयपुर, बाड़मेर व अन्य जिलों में करोड़ों रुपए की अवैध शराब की खेप पकड़ी जा चुकी है। शुक्रवार को भी बाड़मेर पुलिस ने अवेध शराब तस्करी की खेप को पकड़ा।
एसपी बाड़मेर डाॅ. गगनदीप सिंगला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ट्रक चालक हरभजन सिंह निवासी जसियाना, पंजाब है। उसके खिलाफ पुलिस थाना सिणधरी, बाड़मेर में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिंगला के निर्देश पर अवैध शराब तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान सिणधरी थानाप्रभारी रामनिवास ने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को सरहद चापल माता का थान, भलखाड़ी मेगा हाईवे पर नाकाबन्दी करवाई थी। इस दौरान बालोतरा की तरफ से पंजाब नंबर का ट्रक आता नजर आया। जिसे रुकवाकर तलाशी लेने पर ट्रक में छिपा रखी चण्डीगढ़ निर्मित अवैध शराब से भरे कुल 440 कर्टन भरे हुए मिले। ऐसे में 4,632 बोतल अंग्रेजी शराब व 1176 केन बीयर के भरे हुए मिले। जिस पर चालक को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया।
एसपी सिंगला ने बताया कि वाहन में मिले कागजात से वाहन के ईंजन नम्बर व चैसिस नम्बरों का मिलान किया गया तो मेल नहीं हुआ। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई है।