हाइवे पर तेज रफ्तार ट्रोले ने आज एक बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार पति—पत्नी उछलकर नीचे गिर पड़े जिन्हें ट्रोला कुचलते हुए निकल गया। इससे दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने एम्बुलेंस के देरी से पहुंचने पर कई वाहनों के शीशे फोड़ डाले। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा और शवों को मोर्चरी पहुंचाया। यह हादसा जयपुर-दिल्ली हाईवे पर भाभरू के पास हुआ।
पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में कैलाश कुम्हार (45) और उनकी पत्नी विमला (44) की मौत हो गई। वे विराटनगर के रहने वाले थे तथा पावटा जा रहे थे। उन्हीं के साथ दूसरी बाइक पर उनके रिश्तेदार भी मौजूद थे। कैलाश कुम्हार अपनी बाइक से हाइवे पर पीपली बस स्टैंड के पास पहुंचे। तभी एक ट्रोले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे पति—पत्नी बाइक से छिटक कर सड़क पर गिर पड़े। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
करीब 25 मिनट तक इंतजार करने पर भी एंबुलेंस नहीं आई तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने रास्ता जाम कर दिया। इसी बीच एंबुलेंस मौके पर पहुंची तो गुस्साए लोगों ने एंबुलेंस के शीशे तोड़ दिए। तब मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया।