हथियारबंद चार बदमाशों ने आज दिनदहाड़े एक हवाला कारोबारी की फर्म पर हमला कर साढ़े तीन लाख रुपए लूटे और बाइक से भाग निकले। इस वारदात से शहर में सनसनी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हमले में घायल हुए हवाला कारोबारी के दोनों कर्मचारियों को अस्पताल पहुंचाया।
वहीं, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुलिये के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। यह वारदात प्रदेश की राजधानी जयपुर के कोतवाली थाना इलाके में हुई। यहां चांदपोल बाजार स्थित बाबा हरिश्चंद्र मार्ग पर रामचंद्रजी की गली में मकान नंबर 823 में के. रमेश नाम से फर्म है। यहां से मनी ट्रांसफर हवाला का कारोबार होता है।
हवाला आॅफिस में कार्यरत सिरोही निवासी कर्मचारी भौमाराम प्रजापति व रणछोड़ आज आॅफिस में बैठे थे। दोपहर करीब पौने 3 बजे चार युवक अचानक आॅफिस में पहुंचे। जहां उन्होंने कर्मचारी भौमाराम व रणछोड़ पर पिस्तौल की बट व लात-घूंसों से ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया।
धड़ल्ले से हवाला कारोबार, हो चुकी हैं कई लूट
सीसीटीवी में कैद संदिग्ध लुटेरा
- फोटो : Vishnu Sharma
वहीं, एक बदमाश ने तिजोरी में रखे करीब साढ़े तीन लाख रुपए लूट लिए। इसके बाद लुटेरे वहां से अपनी दो अलग—अलग मोटरसाइकिलों पर बैठकर भाग निकले। वारदात के बाद दोनों कर्मचारी दौड़कर आॅफिस से बाहर आए। अपने मालिक को सूचना दी। तब तक आसपास रहने वाले लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
सूचना मिलने पर एएसपी नार्थ राजेश मील, एसीपी कोतवाली सुमित कुमार व पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बाजार में आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तब चार युवक नजर आए। इनमें एक के हाथ में पिस्टल भी नजर आई।
गौरतलब है कि करीब दो साल पहले भी बाबा हरिश्चंद्र मार्ग में चार हथियारबंद बदमाशों ने एक अन्य हवाला कारोबारी के यहां चाकूबाजी कर लाखों रुपए लूट लिए थे। इसके अलावा माणकचौक इलाके में भी बारह गणगौर के रास्ते में एक हवाला कारोबारी के यहां लाखों रुपए लूटे थे।