व्हाट्सएप ग्रुप पर विवादित पोस्ट शेयर करना या उस पर विवादित टिप्पणियां करना आपको भारी पड़ सकता है।
ऐसा ही एक मामला राजस्थान के दौसा जिले से सामने आया है, जहां पानी की किल्लत को लेकर एक विधायक के खिलाफ व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल किए जा रहे पोस्टर ने ग्रुप एडमिन को परेशानी में डाल दिया।
जानकारी के अनुसार दौसा जिले में इन दिनों कुछ व्हाट्सएप ग्रुप में बांदीकुई की विधायक अलका गुर्जर के पोस्टर वायरल हो रहे थे, जिसमें लिखा था कि विधायक की तलाश। ये पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल होने की जानकारी मिलने पर विधायक अलका गुर्जर और उनके समर्थक नाराज हो गए।
इसके बाद विधायक की ओर से बीजेपी नेता सुरेंद्र तिवारी ने बांदीकुई पुलिस थाने पहुंच कर पांच अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।