मोबाइल नंबरों का लक्की विजेता चुने जाने और ईनाम देने का झांसा देकर 1.67 लाख रुपए हड़पने के मामले में आरोपी को शिवदासपुरा थाना पुलिस ने छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी साउथ योगेश दाधीच ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सत्तूलाल मन्डावी उम्र 25 साल है। वह गांव मूसीकोडा तहसील केशकल जिला कोण्डा गांव छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। शिवदासपुरा निवासी रुपचन्द ने पिछले साल शिवदासपुरा थाने में एक मुकदमा दर्ज करवाया था कि उसके मोबाईल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया और कहा कि मोबाइल कंपनी की ओर से पचास हजार मोबाइल नम्बरों में से आपको भी लक्की विजेता चुना गया है। जिसमें आपको पांच लाख रुपए, एक पलसर मोटर साईकिल पुरस्कार में दी जाएगी। ठग के मोबाईल कॉल पर की गई बातों से पीड़ित रुपचंद झांसे में आ गया और उसने आरोपी के बताए अनुसार उसके खाते में 1 लाख 67 हजार रुपए पंजाब नेशनल बैंक चन्दलाई से जमा करवा दिए।
मुकदमा दर्ज होने पर थानाप्रभारी दीपक खंडेलवाल के निर्देशन में पड़ताल शुरु हुई। जिसमें साइबर सेल की मदद ली गई तो जानकारी मिली कि जिस खाते में रुपचंद ने जमा करवाए। वह बैंक खाता छत्तीसगढ़ के नक्सली क्षेत्र में स्थित पंजाब नेशनल बैंक के कानकेर शाखा में है। आरोपी ठग ने इसी ब्रांच से जमा रकम निकालकर हड़पी थी। तब एएसआई जगन्नाथ सिंह के नेतृत्व में कांस्टेबल प्रमोद व बत्तीलाल की टीम को छत्तीसगढ़ रवाना किया गया था। जहां से पुलिस टीम ने आरोपी सत्तूलाल मन्डावी को गांव मूसीकोडा तहसील केशकल जिला कोण्डा गांव छत्तीसगढ़ से धरदबोचा और उसे पकड़कर जयपुर ले आए। यहां थाने में पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।