जयपुर शहर के मालवीय नगर में बाइक सवार दो बदमाश सरेराह झपट्टा मारकर एक महिला के हाथ से बैग छीनकर भाग निकले। लूटे गए बैग में पांच हजार रुपए, एटीएम, दवाईयां और अन्य जरुरी सामान रखा था।
पुलिस के अनुसार शिप्रापथ निवासी श्रीचंद टेकवानी ने मालवीय नगर थाने में मामला दर्ज करवाया है। जिसमें बताया कि उनकी पत्नी बेटी कोमल को डॉक्टर को दिखाने मालवीय नगर गई थी। वापस लौटते वक्त घर के नजदीक बाइक सवार दो युवक पीछा करते हुए आए और झपट्टा मारकर श्रीचंद की पत्नी के हाथ से बैग छीनकर ले गए। वारदात के बाद लूट से पीड़ित महिला ने शोर मचाया। तब भीड़ इकट्ठा हो गई। तब तक बदमाश तेज गति से बाइक चलाते हुए ओझल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। नाकाबंदी करवाई। लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला।