नेशनल हाइवे पर आज मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। घर आई लक्ष्मी को उसके अपनों ने ठुकरा दिया और एक पोटली में बांधकर हाइवे पर शौचालय के पास छोड़ गए।
यह वाकया जयपुर जिले में कोटपूतली में एनएच-8 पर शुलभ शौचालय के पास का है। जहां एक राहगीर को आज सुबह एक नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। इस पर राहगीर आवाज सुनते हुए हाइवे पर बने शौचालय के पास गया तो वहां कपड़े की पोटली रखी नजर आई। उसने पोटली में देखा तो एक नवजात बच्ची रो रही थी।
यह देखकर राहगीर ने आसपास के लोगों और पुलिस को इसकी जानकारी दी। इस पर कोटपूतली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की, क्या उन्होंने किसी को बच्ची को रखकर जाते हुए देखा है, लेकिन ऐसा कोई सुराग नहीं लगा। इस पर पुलिस ने एंबुलेंस मौके पर बुलवाई और नवजात बच्ची को बीडीएम हॉस्पिटल पहुंचाया।
डाक्टरों के अनुसार बच्ची का जन्म तीन-चार दिन पहले ही हुआ है। बताया जा रहा है कि कोटपूतली में पिछले एक पखवाड़े में यह दूसरी घटना है। इससे पहले एक अगस्त को भी अज्ञात व्यक्ति किसी नवजात कन्या को कपड़े में बांधकर लावारिस हालत में छोड़कर चले गया था। जिसके माता-पिता का अभी तक पता नहीं लगा है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।