शिप्रापथ थाना पुलिस ने रविवार को नाकाबंदी के दौरान अवैध रुप से गांजा ले जा रहे एक दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 10 किलो गांजा जब्त किया है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) श्री मनीष अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी महेश सांसी उम्र 22 साल व उसकी पत्नी सुबिता सांसी है। आरोपी दंपत्ति मुहाना में मदरामपुरा स्थित सांसियों की ढाणी, पावर हाउस के पास रहते है।
मुखबीर की सूचना पर एसीपी मानसरोवर देशराज यादव के निर्देशन में सब इंस्पेक्टर हेतराम समेत अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने गैलेक्सी सिनेमा के पास, रीको एरिया में नाकाबंदी करवाई। जहां फैक्ट्री नम्बर एच-1-181 के सामने रीको पुलिया की तरफ से आने वाले वाहनों की चैकिंग की। तभी रीको पुलिया के पास से एक दंपत्ति अपने बच्चे के साथ मोटर साइकिल पर आते नजर आए। संदेह होने पर पुलिस ने दंपत्ति को रोक कर पूछताछ की और काले रंग के बैग की तलाशी ली। तब उनसे करीब 10 किलो ग्राम अवैध गांजा मिला। जो कि छह पैकिटों में भरा हुआ था। इस पर आरोपी दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया।