जब भी देश व इंसानियात पर संकट आता है तो हर धर्म व वर्ग के लोग साथ खड़े हो जाते हैं। विविधता में एकता का यही संदेश अजमेर दरगाह शरीफ भी देती है। देश में गहराए कोरोना महासंकट के बीच अजमेर दरगाह के कम्युनिटी हॉल व गेस्ट हाउसों को कोविड केयर सेंटर में तब्दील करने का प्रस्ताव आया है। यह प्रस्ताव दरगाह के गद्दीनशीन हाजी सैयद सलमान चिश्ती ने अजमेर के जिला कलेक्टर को भेजा है।
बता दें, राजस्थान में कोरोना केस तेजी से बढ़ रहे हैं। राज्य में अस्पतालों में बेड, आक्सीजन व दवाओं का भारी संकट हो गया है। ऐसे में सलमान चिश्ती व अजमेर यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष सैयद एहशान यासिर चिश्ती ने राज्य के स्वाथ्स्य तंत्र की मदद करने की पेशकश की है। जिला कलेक्टर को भेजे गए प्रस्ताव में तीन कम्युनिटी हॉल, दो गेस्ट हाउसों को कोविड केयर सेंटर में बदलने का प्रस्ताव दिया गया है।