राजस्थान कांग्रेस के अंदरुनी खींचतान पर भाजपा ने एक बार फिर जुबानी हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश इंचार्ज और राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि राजस्थान में दो मुख्यमंत्री हैं। एक वो जिन्होंने शपथ ली है और दूसरे वो जिन्हें कांग्रेस आलाकमान ने घोषित किया है।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार सचिन पायलट और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत में सीएम पद के लिए टकरार पर अरुण सिंह ने यह बयान दिया है। अरुण सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 'हमने ऐसा कोई राज्य नहीं देखा, जहां इतनी उथल-पुथल मची हो। एक वो मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने शपथ ली थी और दूसरे मुख्यमंत्री वो हैं जिन्हें कांग्रेस आलाकमान ने घोषित किया है।' इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि भाजपा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करेगी।
भाजपा मुख्यालय में एक बूथ कैंपेन इं-चार्ज वर्कशॉप में अरुण सिंह ने विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य टारगेट विधानसभा है। हम पूरी रणनीति तैयार कर रहे हैं।' भाजपा के प्रदेश इंचार्ज यहीं नहीं रुके। उन्होंने कांग्रेस पर कुशासन और महंगाई का ठीकरा फोड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुशासन की वजह से राजस्थान में उसके पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश और हरियाणा से ज्यादा तेल के दाम हैं। भाजपा राज्य में कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन करेगी।