महंगी बाइक चलाना, महंग कपड़े पहनना और भी कई तरह के होटल—रेस्त्रा में जाने का शौक। इस महंगे शौक ने एक शख्स को चोरी करने पर मजबूर कर दिया, क्योंकि उसे तो अपने शौक पूरे करने के लिए पैसा चाहिए था।
मामला कोटा के किशोरपुरा थाना से जुड़ा हुआ है जहां पुलिस ने आज एक ऐसे ही शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया। आरोपित युवक ने चार दिन पहले ही पुलिस कंट्रोल रूम से महज कुछ ही दूरी पर बाइक सवार दो जनों से चाकू की नोंक पर बाइक छीनी और फरार हो गया। आरोपित वसीम ने इस वारदात में अपने साथ दो बच्चों को भी शामिल किया था। अब पुलिस ने मुख्य आरोपित वसीम को गिरफ्तार कर लिया है और उसके साथी नाबालिगों का पता लगाने में जुट गई है। थानाधिकारी हीरालाल ने बताया कि महंगे शौक पूरा करने की खातिर आरोपित वारदात को अंजाम देता था। आरोपित वसीम साजीदेहड़ा का रहने वाला है, जिस पर शहर के अन्य थानों में भी लूट और मारपीट के करीब 8 प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल शहर में हुई अन्य वारदात के बारें में भी आरोपित से पूछताछ की जा रही है।