अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में 805वें उर्स की खुशी हर किसी के चेहरे पर दिखाई दे रही है। भीलवाड़ा के गौरी परिवार की ओर से शुक्रवार शाम निशान मुबारक की रस्म के बाद उर्स की अनौपचारिक शुरुआत होगी।
जानकारी के अनुसार अजमेर में ख्वाजा माेईनुद्दीन हसन चिश्ती के 805वें उर्स की अनौपचारिक शुरुआत बुलंद दरवाजे पर उर्स का झंडा चढ़ाने की रस्म के साथ होगी। इससे पहले शाम को हजारों लोगों के साथ गौरी परिवार की ओर से लाया गया उर्स का झंडा दरगाह तक लाने के लिए जुलूस निकाला जाएगा, जो दरगाह गेस्ट हाउस से शुरू होकर लंगरखाना गली होते हुए दरगाह के बुलंद दरवाजा पहुंचेगा। यहां निशान मुबारक की रस्म के मौके पर तोप के गोल दागकर सलामी दी जाएगी।
उधर, प्रशासन ने ख्वाज के 805वें उर्स में देश—विदेश से आने वाले जायरीनों को देखते हुए पुख्ता इंतजाम किए हैं। कायड़ विश्राम स्थली पर बिजली, पेयजल और साफ—सफाई की व्यवस्था करने के लिए अधिकारी—कर्मचारी जुटे हुए हैं। साथ ही जायरीनों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड, कायड़ विश्राम स्थली सहित अन्य ठहरने के स्थानों पर किराया सूची चस्पा करने के निर्देश दिए हैं। दरगाह कमेटी ने भी जायरीनों की सुविधा के लिए गेस्ट हाउस के किराये में बढ़ोतरी नहीं करने की राहत प्रदान की है।
प्रधानमंत्री ने भी भेजी चादर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी शांति और सांप्रदायिक सौहार्द के पैगाम के साथ ख्वाजा की दरगाह पर चादर भेजी है। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और डॉ. जितेंद्र सिंह को चादर सौंपी। अब ये मंत्री चादर लेकर ख्वाजा की दर पर पहुंचेंगे।