पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के कसूर जिले में आठ साल की बच्ची से रेप के बाद
हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए बाजार बंद करा दिए हैं। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने गोलीबारी की है जिसमें दो लोगों के मारे जाने और कुछ के घायल होने की सूचना है।
रिपोर्टों के मुताबिक, कसूर जिले में मंगलवार के दिन लापता हुई आठ साल की जैनब की लाश उसके घर से दो किलोमीटर दूर कूड़े के ढेर में पाई गई। पुलिस ने बताया कि बच्ची का रेप करने के बाद उसकी हत्या की गई है।
पुलिस का कहना है कि मौजूदा वक्त में शहर के अलग-अलग थानों से कई ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें बच्चों को अगवा करने के बाद उनकी लाशें फेंक दी गईं। पुलिस ने संदेह जाहिर किया है कि घटना के पीछे कोई एक ही व्यक्ति है जो बच्चों का अपहरण कर उनकी हत्याएं कर रहा है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक इन घटनाओं के पीछे जो शख्स है वह कोई मानसिक रोगी ही है।
पूरा सरकारी अमला हुआ सक्रिय
लाहौर हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने भी स्थानीय प्रशासन से घटना पर विस्तृत रिपोर्ट मांग ली है। पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री शहबाज शरीफ ने ट्वीट कर कहा है कि अधिकारियों के साथ बैठक कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
दोषियों का पता लगाने के लिए दो सौ से ज्यादा अधिकारी लगाए
कसूर जिला पुलिस ने बताया कि हत्यारों का पता लगाने के लिए दो सौ से अधिक अधिकारी लगाए गए हैं। वहीं पीडि़त परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज तक हमने निकलवाए।
पाकिस्तानी सेलिब्रिटीज ने भी जताया आक्रोश
अभिनेत्री माहिरा खान ने कहा है कि दोषी को पकड़ो और अल्लाह के लिए ऐसा उदाहरण पेश करो जिससे ऐसा करने की सोचने वाले कांप उठें।
पाक क्रिकेटर मोहम्मद हफीज ने कहा कि सरकार को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए और जैनब को इंसाफ देना चाहिए।