पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोमवार को 57 साल के एक शख्स ने कथित तौर पर अपने चार बच्चों का कुल्हाड़ी से गला काट दिया। यह घटना सारा-ए-आलमगीर के खंबी मेरा गांव की है जो लाहौर से 225 किलोमीटर दूर है। चारों ही बच्चे नाबालिग थे। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि क्या शख्स ने गरीबी की वजह से घटना को अंजाम दिया या वह मानसिक तौर पर बीमार है।
इस मामले में पुलिस अधिकारी रजा अली का कहना है कि आरोपी मोहम्मद अय्यूब ने अपने बच्चों को उस समय कुल्हाड़ी से काट दिया जब उसकी पत्नी घर से बाहर गई हुई थी। 14 साल का अली शान, 10 साल की नादिया, 9 साल की ईशा और 8 साल का अमन दो कमरों वाले घर में मौजूद थे। सभी बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस का कहना है कि चीखें सुनकर जब पड़ोसी वहां पहुंचे तो उन्होंने बच्चों को खून से लथपथ पाया। इसके बाद उन्होंने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। अय्यूब के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
पिछले हफ्ते लाहौर के अक्सारी से पुलिस ने एक महिला को अपने तीन बच्चों की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोपी महिला अनीका कथित तौर से ड्रग की चपेट में थी। बच्चों का गला घोंटने के बाद उसने अपनी कलाई और गले की नस काट ली थी। महिला ने पहले दिए बयान में कहा था कि उसके प्रेमी ने बच्चों की हत्या करने के बाद उसपर जानलेवा हमला किया है। हालांकि बाद में उसने खुद गुनाह करने की बात को कबूल लिया था। उसका कहना था कि वह सीमित संसाधनों में बच्चों को नहीं पाल सकती थी।