महाराष्ट्र के कोंढवा थाना एरिया में एक 19 वर्षीय युवती के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जोमैटो डिलीवरी बॉय ने ऑर्डर देने के दौरान युवती से पानी मांगा और मौका मिलने पर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। युवती की तहरीर पर पुणे पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, 17 सितंबर को येवालेवाड़ी में रात करीब साढ़े नौ बजे जोमैटो डिलीवरी बॉय ऑर्डर लेकर पहुंचा था। उसी दौरान डिलीवरी बॉय 40 वर्षीय रईश शेख ने छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। युवती की तहरीर पर कोंढवा थाना में दर्ज मुकदमे के अनुसार, युवती ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी से खाना मंगवाने के लिए ऑर्डर दिया था। रईस शेख खाना लेकर उसके घर पहुंचा। ऑर्डर देने के बाद शेख ने युवती से पानी मांगा था। युवती ने उसे पानी दिया तो उसने युवती को अपनी और खींच लिया। आरोप है कि धन्यवाद कहने का नाटक करते हुए डिलीवरी बॉय ने उसे चूम लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार किया, जमानत पर रिहा
युवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। अभी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
डिलीवरी बॉय ने किया भागने का प्रयास
रिपोर्ट्स के मुताबिक पानी पीते समय आरोपी ने युवती से पढ़ाई के बारे में भी पूछा था। छेड़खानी के दौरान युवती ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आस-पास के लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई। आरोप है कि रईश खान ने मौके से भागने का प्रयास किया। कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस सौंप दिया।