विवादित मुस्लिम धर्मगुरु जाकिर नाइक के बैंक खातों में पिछले तीन सालों के दौरान करीब 60 करोड़ रुपए जमा कराए गए हैं। मुंबई पुलिस की जांच के दौरान पता चला है कि ये पैसे तीन अलग-अलग देशों से आए हैं। विदेशों से आया यह पैसा जाकिर नाइक के परिवार के सदस्यों के पांच बैंक खातों में जमा किया गया।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, पुलिस ने पैसों के लेन-देन की जांच की थी और ट्रांजेक्शन की पूरी जानकारी हासिल की। पुलिस का कहना है, 'हमें अभी तक यह पता नहीं चला है कि यह पैसा किस मकसद के उनके खातों में जमा कराया गया।' हालांकि जांच अधिकारी ने साफ किया कि जिन बैंक खातों में पैसा जमा कराया गया है वे नाइक के एनजीओ इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन के नहीं हैं बल्कि नाइक के निजी खाते हैं।