Union Youth Affairs & Sports Minister Anurag Thakur
- फोटो : PTI (File Photo)
पूरे देश के युवाओं को उनकी प्रतिभा निखारने और उन्हें एक नया मंच देने के लिए देश में युवा उत्सव का महाकुंभ कल से शुरू हो रहा है। अखिल भारतीय युवा महोत्सव के नाम से आयोजित होने वाले इस महाकुंभ सरीखे आयोजन में लिखने पढ़ने बोलने और अलग-अलग तरह की विधाओं में आगे बढ़ने वाले युवाओं को ना सिर्फ मौका मिलेगा, बल्कि आजादी के सौ साल में देश की बदलने वाली तस्वीर की एक पूरी झांकी भी इस आयोजन के माध्यम से सजाई जाएगी। अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित होने वाले युवा उत्सव इंडिया @ 2047 की शुरुआत केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय की ओर से किया जा रहा है। शनिवार को देश के अलग-अलग जिलों से इसकी शुरुआत होगी।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस तरह से युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करते हैं यह उसी कड़ी का एक सबसे बड़ा हिस्सा है। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शनिवार से केंद्रीय युवा मामले, खेल और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर पंजाब से उत्सव की शुरुआत करने जा रहे हैं। मंत्रालय के मुताबिक पहले चरण में देश के डेढ़ सौ जिलों में युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। पहले चरण में यह आयोजन चार मार्च से 31 मार्च तक चलेगा। पहले चरण में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़, उत्तराखंड के हरिद्वार, मध्य प्रदेश के धार और होशंगाबाद, राजस्थान के हनुमानगढ़, झारखंड के सरायकिला, पंजाब के कपूरथला और रोपड़ समेत महाराष्ट्र के जलगांव, आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा तेलंगाना के करीमनगर केरल के पालक्कड़ और तमिलनाडु के कुड्डालोरमें एक साथ युवा उत्सव की शुरुआत की जा रही है।
हिंदी युवा मामले और खेल मंत्रालय से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उनको आगे बढ़ाने के लिए इस तरह का यह सामूहिक रूप से शुरू किए जाने वाला सबसे बड़ा आयोजन है। अधिकारियों का कहना है कि जिस तरीके से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं के स्किल डेवलपमेंट के जरिए उनके अंदर की प्रतिभा को निखार रहे हैं, उस कड़ी में यह आयोजन देश को बहुत प्रतिभाशाली युवा शक्ति देने वाला है। मंत्रालय के मुताबिक यह आयोजन पहले चरण में डेढ़ सौ जिलों में होना है। पहले चरण में जिलों के स्कूलों और कॉलेजों में इसका आयोजन किया जाएगा। दूसरे चरण का आयोजन अगस्त से सितंबर के बीच में देश की राजधानियों में आयोजित होगा। राजधानियों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जिला स्तर पर आयोजित विजेताओं को भाग लेना होगा। जबकि कार्यक्रम का अंतिम चरण अक्तूबर में दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इसमें सभी राज्य स्तर के विजेता शिरकत करेंगे।
केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं कि शनिवार से शुरू होने वाले इस महाकुंभ जैसे आयोजन में लेखन की क्षमता से लेकर फोटोग्राफी और बोलने की प्रतिभा से लेकर अपने देश के सांस्कृतिक विरासत को समझने और साझा करने समेत तमाम तरह की प्रतिभाओं से भरे युवाओं को मौका मिलने जा रहा है। देश के सबसे बड़े सामूहिक युवा उत्सव की थीम को पंच पुराण की तर्ज पर रखा गया है। इसमें देश के बदलते परिवेश और विकसित भारत के लक्ष्य को समाहित किया गया है। इसके अलावा गुलामी की मानसिकता के किसी भी निशान को हटाने समेत अपनी विरासत और आपसी भाईचारे एकजुटता के अलावा नागरिकों में कर्तव्य की भावना के बारे में समाहित संपूर्ण जानकारियां और अपने विचार भी युवा रख सकेंगे।
जिस तरीके से देश की युवा शक्ति को लेकर प्रधानमंत्री राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उनकी तारीफ करते ही रहते हैं। आयोजकों के मुताबिक दरअसल यह उसी प्रतिभा को और निखारने का बड़ा मौका है। केंद्रीय खेल मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि युवाओं की प्रतिभा को निखारने वाले इस आयोजन में विजेताओं को बहुत बड़ा मंच भी मिलने वाला है। केंद्रीय युवा मामलों के मंत्रालय से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं कि इस तरीके के आयोजन लगातार होते रहेंगे। ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा को निखारने और बड़े मंच पर प्रकाशित करने का मौका मिलता रहे।