टोल प्लाजा पर नेताओं के हंगामे के किस्से अक्सर सामने आते रहते हैं। ऐसा ही एक मामला आंध्र प्रदेश में देखा गया है। सत्तारूढ़ पार्टी वाईएसआर कांग्रेस की महिला नेता का कथित दादागिरी करते हुए वीडियो सामने आया है। यहां पर टोल प्लाजा के कर्मी ने उनकी गाड़ी रोक दी, जिसके चलते महिला नेता डी रेवती नाराज हो गई और उन्होंने टोल प्लाजा के कर्मी को तमाचा जड़ दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वाइएसआर की महिला नेता डी रेवती को गुंटूर जिले के पास काजा टोल पर रोक लिया गया था, जिसके बाद वह गुस्से में आ गई और उन्होंने टोल कर्मी को थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि वाईएसआर कांग्रेस की महिला नेता दादागिरी करते हुए टोल कर्मी को थप्पड़ मार रही हैं। इतना ही नहीं उन्होंने स्टाफ के साथ काफी खराब बर्ताव भी किया। साथ ही, वीडियो में महिला नेता टोल प्लाजा की बैरिकेडिंग भी हटाते हुए दिखीं।
एक मिनट के इस वीडियो में टोल कर्मी महिला नेता से शांत रहने की अपील करता है, लेकिन उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह लगातार बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश करती रहीं। यह मामला सामने आने के बाद महिला नेता ने इन सभी आरोपों को खंडन किया। उन्होंने टोल कर्मी पर बदतीमीजी करने का आरोप लगा दिया। फिलहाल, पुलिस थाने में महिला नेता डी रेवती के खिलाफ शिकायत दर्ज हो गई है।
इससे पहले भी इस टोल बूथ पर ठीक ऐसी ही घटना हुई थी। उस दौरान डेडालुरु के विधायक प्रभाकर ने जमकर हंगामा किया था। उस वक्त भी मामला पैसे मांगने से जुड़ा था। हालात इतने खराब हो गए थे कि प्रभाकर गुस्से में अपनी गाड़ी टोल प्लाजा पर ही छोड़ कर चले गए थे, जिसकी वजह से दूसरे लोगों को काफी दिक्कत हुई थी।