दिल्ली के युवाओं को अपने सपने साकार करने के लिए बड़ा मंच मिलेगा। दिल्ली सरकार सितंबर महीने से 'मुख्यमंत्री कप' की शुरुआत करने जा रही है। इसमें नाचने-गाने से लेकर हैंडीक्राफ्ट जैसी छह विधाओं में युवा अपने हुनर दिखा सकेंगे। मुख्यमंत्री कप जीतने वाले युवाओं को लाखों रूपये का पुरस्कार जीतने का अवसर भी मिलेगा। दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने मंगलवार कैबिनेट मंत्रियों की बैठक में यह निर्णय लिया।
दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि राजधानी के युवाओं के हुनर को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निखारने के लिए इस योजना की शुरुआत की जा रही है। युवा जिन क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा दिखाना चाहते हैं, उन्हें इसके लिए पूरा अवसर प्रदान किया जाएगा। इसके लिए उन्हें उच्च स्तर का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इन कार्यक्रमों का प्रसारण कराकर युवाओं को संबंधित क्षेत्रों में उभरने का अवसर दिया जाएगा।