हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय समेत देश के छह अन्य विश्वविद्यालयों में योग विभाग जल्द ही शुरू किए जाएंगे। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि सरकार ने छह केंद्रीय विश्वविद्यालयों का चयन किया है, जहां योग विभाग शुरू किए जाएंगे। मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह ने लोकसभा में यह जानकारी दी। इन विश्वविद्यालयों में विश्व भारती, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ राजस्थान, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ केरल, इंदिरा गांधी नेशनल ट्राइबल यूनिवर्सिटी और मणिपुर यूनिवर्सिटी भी शामिल है। सत्यपाल सिंह ने यह भी बताया कि यूजीसी ने इन विश्वविद्यालयों में योग विभाग को शुरू करने के लिए पहले ही मंजूरी दे दी है।
दिव्यांगों के लिए विवि का कोई प्रस्ताव नहीं
सत्यपाल सिंह ने यह भी बताया कि देश में दिव्यांगों के लिए एक पूर्ण विश्वविद्यालय स्थापित करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार इस प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रही है। 2011 जनगणना के अनुसार, देश में 2.68 करोड़ दिव्यांग हैं, जो देश की आबादी का 2.21 फीसदी हिस्सा हैं।