आयुष मंत्रालय ने प्रतिष्ठित योग विशेषज्ञों के सुझाव और मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के जरिए एक कार्यक्रम विकसित किया है। सरकारी संस्थानों और कॉर्पोरेट कार्यालयों की दिनचर्या में जल्दी ही व्यायाम के लिए पांच मिनट का योगावकाश या योगा- ब्रेक शामिल किया जा सकता है ताकि पेशेवरों का तनाव दूर किया जा सके और वे तरोताजा होकर काम कर सकें। आयुष मंत्रालय ने सोमवार को योगा-ब्रेक का परीक्षण शुरू किया।
मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि टाटा केमिकल्स, एक्सिस बैंक, अर्न्स्ट एंड यंग ग्लोबल कंसल्टिंग सर्विसेज जैसे कई कॉरपोरेट घरानों सहित लगभग 15 संस्थानों ने इस कवायद में शामिल होने के लिए स्वेच्छा से हामी भरी है।
इस योगावकाश में कुछ हल्के व्यायामों को शामिल किया जाता है जो पांच मिनट के दौरान आसानी से किए जा सकते हैं। आयुष मंत्रालय ने पहले सरकारी संस्थानों और अन्य कॉर्पोरेट निकायों को अपने कर्मचारियों के लिए 30 मिनट का अनिवार्य योगाभ्यास शुरू करने के लिए कहा था।