राणा कपूर की हो सकती है गिरफ्तारी
यस बैंक के संस्थापक राणा कपूर को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) गिरफ्तार कर सकती है। हालांकि ईडी के अधिकारी लगातार राणा से पूछताछ कर रहे हैं। बता दें कि ईडी ने शुक्रवार रात कपूर के घर पर छापा मारा था, हालांकि ईडी की यह कार्रवाई दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रही। राणा पर पांच हजार करोड़ रुपए मनी लॉन्ड्रिंग के अलावा डीएचएफएल कंपनी को मनमाने तरीके से कर्ज देने का आरोप है। सूत्रों का कहना है कि पूछताछ में सहयोग नहीं करने पर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।
कपूर से भुजबल जैसी पूछताछ
ईडी ने शुक्रवार देर रात राणा कपूर के वरली स्थित समुद्र महल बिल्डिंग में उनके घर पर छापेमारी की थी। उसके बाद शनिवार को दोपहर उन्हें दक्षिण मुंबई के बेलार्ड पियर्स स्थित ईडी दफ्तर ले आया गया। जहां पूछताछ जारी रही। कहा जा रहा है जिस तरह से नई दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सदन घोटाले में महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल को तीन साल पहले साल 2016 में लंबी पूछताछ के बाद देररात गिरफ्तार किया गया था।
कुछ इसी तरह राणा कपूर की भी गिरफ्तारी हो सकती है। ईडी राणा कपूर से मनी लॉन्ड्रिंग के अलावा यूपी पॉवरग्रिड को लेकर भी पूछताछ कर रही है। इसके अलावा दीवालिया हो चुकी दीवान हाउसिंग फाइनेंस कॉर्पोरेशन कंपनी (डीएचएफएल) को मनमाने तरीके से कर्ज देने के मामले में भी पूछताछ जारी है। वहीं, राणा की तीन बेटियों के घर भी ईडी की छापेमारी की खबर है।
बैंक शाखाओं के बाहर ग्राहकों की भीड़, एटीएम मशीनों से नहीं मिल रही नकदी
यस बैंक पर छाए संकट के मद्देनजर शनिवार को बैंक शाखाओं और एटीएम मशीनों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। नकदी निकालने के लिए परेशान अधिकतर ग्राहकों को खाली हाथ ही लौटना पड़ा। संकट से जूझ रहे यस बैंक पर रिजर्व बैंक ने कई तरह की रोक लगा रखी हैं। हालांकि, कई खाताधारकों का कहना है कि बैंक की शाखाओं से चेक के जरिये 50,000 रुपये की निर्धारित राशि की निकासी हो रही है।
मोदी सरकार में 'खतरे में हैं हिंदू'
यस बैंक पर छाए संकट के बीच महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने शनिवार को केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सही मायनों में देखा जाए तो मोदी सरकार में 'हिंदू खतरे में हैं।' उन्होंने दावा करते हुए कहा कि यस बैंक के अधिकांश खाताधारक इसी बहुसंख्यक समुदाय के लोग हैं। बता दें कि एक दिन पहले ही यस बैंक के खाताधारकों पर पाबंदी लगाते हुए रकम निकासी सीमा 50 हजार रुपये लागू कर दी गई थी।
प्रवर्तन निदेशालय ने यस बैंक के निदेशक व संस्थापक राणा कपूर के मुंबई स्थित आवास पर छापा मारा। इसके साथ ही उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस भी दर्ज किया है।
प्रशांत कुमार ने शुक्रवार को यस बैंक के प्रशासक का पदभार ग्रहण कर लिया। रिजर्व बैंक ने यस बैंक पर रोक लगाने और उसके निदेशक मंडल को भंग करने के बाद कुमार को इस पद पर नियुक्त किया है।
राहुल गांधी ने यस बैंक को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि 'नो यस बैंक। मोदी और उनके विचारों ने भारत की अर्थव्यवस्था को नष्ट कर दिया है।
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि येस बैंक के संबंध में निर्णय व्यापक पैमाने पर लिया गया, इसका लक्ष्य वित्तीय तंत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक येस बैंक के पुनरोद्धार के लिए बहुत जल्द एक योजना लाएगा।
इसके अलावा ऐसी भी खबरें हैं कि सरकार ने अपने स्वामित्व वाली बीमा कंपनी एलआईसी से एसबीआई के साथ मिलकर हिस्सेदारी खरीदने के लिए भी कहा है। एलआईसी के पास पहले से यस बैंक की 8 फीसदी हिस्सेदारी है। कुछ हफ्ते पहले यस बैंक को उबारने से जुड़ी अटकलों पर एसबीआई चेयरमैन रजनीश कुमार ने कहा था, ‘उसे नाकाम नहीं होने दिया जाएगा।’
अगर यह सौदा होता है तो कई साल में ऐसा पहली बार होगा कि एक सरकारी कंपनी, निजी क्षेत्र के किसी यूनिवर्सल बैंक को उबारेगी। वहीं यह आईडीबीआई के बाद दूसरा यूनिवर्सल बैंक होगा, जिसे संकट से उबारने में एलआईसी अहम भूमिका निभाएगा।