कर्नाटक के बीजेपी अध्यक्ष अपनी एक हरकत की वजह से आलोचनाओं का शिकार हो रहे हैं। येदियुरप्पा एक दलित परिवार के घर पर उनसे मिलने गए थे, लेकिन उन्होंने वहां दलित परिवार के द्वारा बनाया गया भोजन करना सही नहीं समझा।
येदियुरप्पा को उस घर में जो खाना परोसा गया वो एक होटल से मंगाया गया था। इस मामले में एक दलित युवक ने उनके खिलाफ अस्पृश्यता का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। वेंकटेश डी नाम के युवक की शिकायत में कहा गया है कि शुक्रवार को येदियुरप्पा केलकोट क्षेत्र में एक दलित परिवार में गए थे, जहां उन्होंने मीडिया की मौजूदगी में नाश्ता किया।
शिकायकर्ता का कहना है कि येदियुरप्पा ने वहां जो नाश्ता किया वो दलित परिवार द्वारा तैयार किया गया नहीं था बल्कि उसे एक होटल से मंगवाया गया था। पुलिस के मुताबिक उन्हें शनिवार को मामले की शिकायत मिली है और वो जांच के बाद ही कार्रवाई करेंगे। इस शिकायत के बाद जनता दल (सेक्युलर) के नेता ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को घेरते हुए उनकी आलोचना की है।