पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं। चढ़ते सियासी पारे के बीच आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सिलीगुड़ी में भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने आने वाले चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलने का दावा करते हुए सत्ताधारी दल- तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को आड़े हाथों लिया। अमित शाह ने और क्या बातें कहीं? जानिए इस खबर में
अमित शाह ने ममता सरकार को देश में सबसे भ्रष्ट बताया है। सिलीगुड़ी में सियासी बिगुल फूंकते हुए गृह मंत्री शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नीत टीएमसी की सरकार को राज्य की जनता जड़ से उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। भाजपा इस वर्ष के विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल कर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा, देश के 21 राज्यों में भाजपा की सरकार होने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तब तक संतुष्ट नहीं हैं, जब तक पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार नहीं बनती।
विज्ञापन
'तृणमूल कांग्रेस की सरकार से अधिक भ्रष्ट सरकार पूरे भारत में कहीं नहीं'
उन्होंने कहा कि बंगाल में सत्ता परिवर्तन के साथ ही भाजपा को स्वर्णिम सफलता प्राप्त होगी। अमित शाह ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि इस बार उत्तर बंगाल की सभी सीटों पर भाजपा जीत हासिल करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सरकार से अधिक भ्रष्ट सरकार पूरे भारत में कहीं नहीं है। गृहमंत्री ने कहा कि ममता बनर्जी सरकार न केवल भ्रष्टाचार में डूबी हुई है, बल्कि निष्पक्ष चुनाव कराने में भी बाधा उत्पन्न कर रही है।
जनता सिंडिकेट राज और तानाशाही रवैये से पूरी तरह तंग आ चुकी है
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार चुनाव प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों के माध्यम से दबाव बनाती है और चुनाव आयोग को सहयोग नहीं करती। अमित शाह ने कहा कि बंगाल की जनता तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्टाचार, सिंडिकेट राज और तानाशाही रवैये से पूरी तरह तंग आ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि यही जनाक्रोश आगामी चुनाव में भाजपा की जीत का आधार बनेगा और बंगाल में बदलाव तय है।
विज्ञापन
बंगाल के सियासी चौसर पर भाजपा के चाणक्य की सक्रियता
शाह ने सिलीगुड़ी से पहले उत्तर 24 परगना के बैरकपुर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर आए शाह ने कहा, जैसे रावण को भी घमंड था और उसे लगता था कि कोई उसे हरा नहीं सकता, उसी तरह ममता बनर्जी सत्ता के अहंकार में डूबी हुई हैं।
शाह का दावा- भाजपा बंगाल में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी
उन्होंने दावा किया कि 2026 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 50 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल कर पश्चिम बंगाल में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। टीएमसी की विदाई का समय आ गया है। शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी की सरकार बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है और उन्हें बचाने के लिए ‘वंदे मातरम’ जैसे राष्ट्रीय नारे का विरोध कर रही है।