विश्व भर के शिक्षण संस्थानों की इंटरनेशनल रैंकिंग जारी करने वाली क्यूएस ग्लोबल हायर एजुकेशन के क्यूएस ब्रिक्स 2018 की रैंकिंग में आईआईटी मुंबई को 9वां स्थान मिला है। वहीं आईआईएससी बंगलूरू टॉप 10 में जगह बनाने में कामयाब रही है। चीन की सिन्हुआ यूनिवर्सिटी लगातार दूसरी बार नंबर एक का खिताब जीतने में कामयाब रही।
बुधवार रात को जारी ब्रिक्स 2018 की रैंकिंग में चीन की सिन्हुआ यूनिवर्सिटी, पेकिंग यूनिवर्सिटी, फुडान यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी ऑफ चीन लगातार दूसरे वर्ष शीर्ष चार में शामिल हैं। जबकि लोमोनोशोव मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी सातवें से पांचवें, झिजांग यूनिवर्सिटी छठे, शंघाई जिआओ तांग यूनिवर्सिटी सातवें, नैनजिंग यूनिवर्सिटी को आठवां स्थान मिला है।
वहीं, आईआईटी मुंबई 2017 की रैंकिंग में 13वीं रैंक पर थी, जो इस बार नौवीं रैंक पर पहुंच गयी है। जबकि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस बंगलूरू जो पहले छठे पायदान पर थी, दसवें स्थान पर पहुंच गई है।