आप और हमें शेयर बाजार में जरा से बदलाव के कारण भले ही हजारों रुपये की चपत लगती हो, लेकिन अमेरिकी शेयर बाजारों में विभिन्न कारणों से आया उतार चढ़ाव दुनिया के शीर्ष 500 अमीरों की जेब पर अरबों रुपये के बराबर भारी साबित हुआ है। पिछले दो सप्ताह में इन महा धनी लोगों की संपत्ति 11, 767 अरब रुपये (181 अरब यूएस डॉलर) के बराबर घट गई है।
ब्लूमबर्ग इंडेक्स की रिपोर्ट के अनुसार, इन धनवानों की कुल संपत्ति अब घटकर करीब 3380 खरब रुपये (5.2 ट्रिलियन यूएस डॉलर) रह गई है। यदि साल 2018 की बात करें तो 26 जनवरी से अब तक इन सभी की संपत्ति करीब 28,345 खरब रुपये (436 अरब यूएस डॉलर) कम हो गई है।
फिलहाल सबसे ज्यादा घाटा फेसबुक के मालिक मार्क जुकरबर्ग को हुआ है, जिन्हें अपनी कंपनी के कस्टमरों के डाटा चुनावों के लिए लीक करने के आरोप सामने आने पर शेयरों के दाम में भारी गिरावट से 670 अरब रुपये (10.3 अरब यूएस डॉलर) गंवाने पड़े हैं। इस मामले में सॉफ्टवेयर कंपनी ऑरेकल के मालिक लैरी एलिसन दूसरे नंबर पर हैं। लैरी को करीब 455 अरब रुपये (7 अरब यूएस डॉलर) का घाटा हुआ है।